जमुई जिले में इन दिनों यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सटीक बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल स्वयं लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।इसी क्रम में जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है,जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।इसी कड़ी में झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्पूरी चौक पर एसपी से मिले निर्देश के बाद सब इंस्पेक्टर छैबर राम एवं बिपिन कुमार पालटा ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई। हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन एवं अन्य जरूरी कागजातों की बारीकी से पड़ताल की गई।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी भेदभाव के चालान काटे गए।इसी दौरान एक जनप्रतिनिधि, जो नगर के पार्षद बताए जा रहे हैं, जांच के दायरे में आ गए। नियमों की अनदेखी करते पाए जाने पर जब पुलिस ने चालान काटने की प्रक्रिया शुरू की तो पार्षद ने अपना परिचय देते हुए रियायत की अपेक्षा जताई।हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “नियम सबके लिए एक समान है।” इसके बाद संबंधित पार्षद का कुल 8 हजार रुपये का चालान काटा गया।इस कार्रवाई के बाद आम लोगों में यह संदेश गया कि पुलिस निष्पक्षता से कार्यवाही कर रही है।प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह का सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा,ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।





