ख़बर झाझा से है जहां पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 27 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए झाझा नगर परिषद में एक शोकसभा का आयोजन किया गया।इस मौके पर नगर परिषद के चेयरमैन संजय यादव,उपाध्यक्ष बिपिन कुमार और समाजसेवी गुड्डू यादव सहित तमाम पार्षदों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
सभा के दौरान चेयरमैन संजय यादव ने कहा कि देश के निर्दोष नागरिकों की जान लेने वाले आतंकियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि ऐसे हमलों को अंजाम देने वाले आतंकियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
समाजसेवी गुड्डू यादव ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को चुनौती देने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी देश की सुरक्षा और शांति के लिए एकजुट होने की अपील की।सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद पवन राम,मंटू गुप्ता,पिंकू बरनवाल,दानिश खान,विकास शर्मा,विपुल झा,संदीप शर्मा,बिट्टू राम समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।






